भिंड। मौ थाना अंतर्गत सेंवढ़ा रोड स्थित बंडा की पुलिया के पास दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कट्टा दिखाकर युवक से बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी धर्मवीर पुत्र पातीराम कुशवाह निवासी ग्राम असोहना थाना मौ ने पुलिस को बताया कि वह अमायन मोड़ के आगे बंडा गांव की पुलिया के पास पहुंचा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक वहां आए। दोनों बदमाशों ने उसे रोककर कट्टा दिखाया और जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद बदमाश उसके पास रखा नीले रंग का बैग छीनकर भाग निकले।
फरियादी के मुताबिक बैग में एक लैपटॉप, बायोमैट्रिक मशीन, करीब एक लाख रुपये नगद, सोने का मंगलसूत्र और चांदी का लॉकेट रखा था। अचानक हुई घटना से वह घबरा गया। बदमाशों के भाग जाने के बाद उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
जल्द आरोपियों को किया जाएगा गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपितों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad