Bhopal News: ट्रैफिक पुलिस के चालान काटने पर बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा, महिला ने निगला जहर

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बड़ा हंगामा हो गया. रेड लाइट करने के आरोप में रोके गए ई-रिक्शा चालक और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद बढ़ गया, तभी ई रिक्शा में बैठी चालक की पत्नी ने जहर खा लिया. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

बरखेड़ी क्षेत्र निवासी नवल कुशवाहा उर्फ राहुल अपनी पत्नी पूजा के साथ ई-रिक्शा से जहांगीराबाद से न्यू मार्केट की ओर जा रहा था. दोपहर करीब एक बजे कंट्रोल रूम तिराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने रेड लाइट सिग्नल जंप करने के आरोप में वाहन रोक लिया. चालान की प्रक्रिया शुरू होते ही चालक और पुलिस के बीच बहस होने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस द्वारा थाने ले जाने की चेतावनी दिए जाने पर विवाद और बढ़ गया.

सड़क पर लग गया जाम

आरोप है कि इसी दौरान ई-रिक्शा में बैठी पत्नी पूजा ने अपने बैग से चूहा मारने वाला जहर खा लिया. महिला के ऐसा करते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. घटना के बाद चालक ने ई-रिक्शा सड़क पर ही खड़ा कर दिया जिससे जाम लग गया. वहीं पास में मौजूद कंट्रोल रूम पहुंचकर विरोध जताया. बताया जा रहा है कि स्थिति तनावपूर्ण होते देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मी अंदर चले गए. आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की.

बाद में चालक अपनी पत्नी को अस्पताल ले जाने की बात कहकर वहां से चला गया. देर शाम तक जहांगीराबाद थाना और अरेराहिल्स थाना को किसी भी अस्पताल से महिला के भर्ती होने या इलाज संबंधी जानकारी नहीं मिली है.

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

ट्रैफिक एसीपी अजय वाजपेयी ने कहा है कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रहीं हैं, लेकिन तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry