रांची : जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में उम्र सीमा छूट को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निर्णय लेंगे. आज गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में छात्रों की मांग पर चर्चा हुई. बैठक में अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम एवं न्यूनतम आयु सीमा का कट ऑफ पर चर्चा हुई.
कार्मिक विभाग के द्वारा कैबिनेट की बैठक में 2023 कट ऑफ रखने का प्रस्ताव दिया गया जबकि छात्रों की मांग 2018 देखते हुए इसे होल्ड पर रखने का निर्णय हुआ. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जानकारी देते हुए कहा कि जेपीएससी उम्र सीमा को लेकर मंथन के उपरांत जल्द ही मुख्यमंत्री निर्णय लेंगे. उन्होंने कहा कि कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव आया था जिसपर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हो सका.
संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा में मिलेगी अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट
झारखंड लोक सेवा आयोग ने हाल ही में संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के लिए विज्ञापन निकाला है. परीक्षा के विज्ञापन में अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम एवं न्यूनतम आयु सीमा का कट ऑफ डेट एक अगस्त 2026 रखा गया है जबकि पिछली परीक्षा में यह 1 अगस्त 2017 थी. जेपीएससी ने फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 14 फरवरी 2026 रखा है.
आयोग के द्वारा जारी इस उम्र सीमा की गणना में इस 9 वर्षीय अंतराल के कारण झारखंड के लाखों अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित हो जाएंगे. ऐसे में मुख्यमंत्री के द्वारा लिए जाने वाले निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. जाहिर तौर पर आज के कैबिनेट के बाद यह साफ हो गया है कि इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट मिल सकती है. इसके अलावे उम्र सीमा में छूट मिलने के पश्चात आवेदन की तिथि भी बढ़ेगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
