Bastar Road Accident: बारसूर-चित्रकोट मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बेकाबू होकर पलटी स्कॉर्पियो; 3 की मौत और कई घायल

छत्तीसगढ़

जगदलपुर: बस्तर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार शाम बारसूर–चित्रकोट मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मेन्द्री घूमर जलप्रपात के पास हुआ हादसा

बस्तर के ASP माहेश्वर नाग ने बताया कि मंगलवार शाम दंतेवाड़ा जिले के बारसूर इलाके से चित्रकोट की ओर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आ रही थी. वाहन मेन्द्री घूमर जलप्रपात के पास मोड़ पर अनियंत्रित हो गई. वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण नहीं रख सका औरसड़क से उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

मौके पर तीन युवकों की दर्दनाक मौत

इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान राम रतन ठाकुर (20 वर्ष), रूपेंद्र नेताम (25 वर्ष) और खिलेश्वर नेताम (18 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार तीनों युवक गरियाबंद जिले के निवासी थे.

पांच घायल, इलाज जारी

हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

वाहन में सवार थे 13 लोग

ASP माहेश्वर नाग ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन में कुल 13 लोग सवार थे. इनमें से तीन की मौत हो गई, पांच लोग घायल हैं, जबकि अन्य पांच लोगों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

2025 में बस्तर में 782 लोगों की गई जान

गौरतलब है कि बस्तर संभाग में वर्ष 2025 के दौरान सड़क हादसों में अब तक 782 लोगों की मौत हो चुकी है. लगातार बढ़ते हादसे यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry