नोएडा में दर्दनाक हादसा: फोन पर बात करते समय बिगड़ा संतुलन, 17वीं मंजिल से गिरकर इंडियन ऑयल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की मौत

दिल्ली

नोएडा के सेक्टर 39 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 104 स्थित एक हाईराइज सोसायटी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद पर कार्यरत 55 वर्षीय अजय गर्ग की 17वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में सनसनी फैल गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जानकारी के मुताबिक, अजय गर्ग इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के दिल्ली कार्यालय में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे. मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अजय गर्ग वर्तमान में नोएडा सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हेमलेट सोसायटी के फ्लैट नंबर 9171 में अपनी पत्नी मयूरी गर्ग के साथ रह रहे थे. उनका एक बेटा है, जो मुंबई में नौकरी करता है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे अजय गर्ग अपनी पत्नी से कुछ देर बात करने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए बालकनी की ओर गए थे.

फ्लैट में नहीं आ रहे थे नेटवर्क

फ्लैट के अंदर मोबाइल में नेटवर्क नही आ रहे थे. इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गए. सोसायटी परिसर में मौजूद लोगों ने उन्हें जमीन पर पड़ा देखा. कुछ लोग उन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से सेक्टर-110 स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में अचानक नीचे गिरने से मौत होने की पुष्टि हुई है. बाकी हर एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था या फिर आत्महत्या? पुलिस सोसायटी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़ी हर पहलू की जांच की जा सके. इसके अलावा परिजनों और सोसायटी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.

घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है. पुलिस ने अजय गर्ग के बेटे को सूचना दे दी है, जो मुंबई से नोएडा के लिए रवाना हो गया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry