अमृतसर: पंजाब इस समय घने कोहरे और शीत लहर की चपेट में है। इसका असर न सिर्फ सड़क यातायात बल्कि हवाई यातायात पर भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। आज पंजाब के कई जिलों के साथ-साथ चंडीगढ़ में भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। मौसम विभाग ने सुबह और रात दोनों समय के लिए कोहरा और शीत लहर को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
कोहरे के कारण चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सुबह 7:15 बजे जयपुर, 7:30 बजे बेंगलुरु और 7:55 बजे दिल्ली से आने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसके अलावा कई फ्लाइटें देरी से संचालित हुईं। दिल्ली से आने वाली 5:45 बजे की फ्लाइट 7:31 बजे रवाना हुई, जबकि लखनऊ से आने वाली 5:55 बजे की फ्लाइट 7:13 बजे रवाना हुई।वहीं, अमृतसर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की बर्मिंघम से आने वाली फ्लाइट अपने निर्धारित समय 11:55 बजे की बजाय 12:17 बजे लैंड करेगी।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को गुरदासपुर, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) सहित कई जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा 31 दिसंबर और 1 जनवरी को पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार भी जताए गए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad