देश की राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में घने कोहरे और वायु प्रदूषण की दोहरी मार ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. रविवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा. जो कि शाम होने तक और भी ज्यादा घना हो गया और अभी भी बना हुआ है. इससे सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है. विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक पहुंच गई. विजिबिलिटी कम होने की वजह से सड़कों पर वाहन पार्किंग लाइट जलाकर रेंगते हुए नजर आए.
राजधानी में कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है. एयर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर दर्ज किया गया है. जो बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है. राजधानी का ओवरऑल एक्यूआई करीब 400 रहा. जबकि नोएडा में 446, ग्रेटर नोएडा में 434 और गुरुग्राम में 445 तक पहुंच गया. धुंध और स्मॉग की मोटी परत ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले रखा है. जिससे लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ, खांसी और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो रही हैं.
