जालंधर: पंजाब में लगातार कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। आज भी घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। वहीं पिछले 3 दिनों से पंजाब में पड़ रहे कोहरे के कारण सड़क हादसे की घटनाएं भी सामने आने लगी है। बीते दिन भी जालंधर में कोहरे के कारण 5 वाहनों की टक्कर हो गई थी।
वहीं आज ताजा मामला जालंधर-चंडीगढ़ रोड़ पर देखने को मिला है। जहां घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर खड़ी ट्राली से एंबुलेंस की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में एंबुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मिली जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक मरीज को लेकर जा रहा था, इस दौरान यह हादसा हो गया। जिसके बाद घटना स्थल पर दूसरी एंबुलेंस को बुलाकर मरीज को उसमें शिफ्ट किया गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई, जहां राहगीरों की मदद से एंबुलेंस को सड़क से किनारे करवाया गया। पुलिस ने बताया कि घने कोहरे के कारण विजिबिलटी काफी कम हो गई है, जिसके कारण यह हादसा हुआ है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad