टीकमगढ़ : टीकमगढ़ कोतवाली क्षेत्र के तहत आने वाले बकपुरा गांव में हत्या से सनसनी फैली. भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ. विवाद ने रविवार को गंभीर रूप ले लिया. झगड़े में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय उरसाब सिंह सोलंकी की मौत हो गई. पुलिस ने उनके 4 भतीजों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.
खेत में मवेशी घुसने पर भिड़े दो पक्ष
मामले के अनुसार बकपुरा गांव में मवेशी खेत में घुसने के विवाद में व्यक्ति की जमकर मारपीट की गई. घटना में घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल लाया गया और स्थिति गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार “उरसाब सिंह खेत पर थे. इसी दौरान खेत में मवेशी घुस गए, जिन्हें उत्साह सिंह ने बाहर निकाल दिया. इस पर उसका अपने भतीजे राघवेन्द्र सिंह से विवाद हो गया. राघवेन्द्र सिंह ने भाइयों को बुलाकर उरसाब सिंह से जमकर मारपीट की.”
लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद
रविवार रात परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल लाए, जहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए. तनावपूर्ण स्थिति को भांपते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन पुलिस पर भड़क गए. इस दौरान जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए. साथ आए ग्रामीणों ने बताया “परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से तनाव चला आ रहा था. इससे पहले भी कई बार छोटे-मोटे विवाद हुए हैं.” मृतक के भांजे राघवेन्द्र सिंह ने पुलिस पर परेशान करने और कार्रवाई न करने के आरोप लगाए.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित
एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया “शनिवार को उरसाब सिंह और उनके भतीजों राघवेंद्र, अनिल, अभय और अजय सोलंकी के बीच विवाद तब शुरू हुआ, जब राघवेंद्र के मवेशी उरसाब के खेत में घुस गए. दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें उरसाब और आरोपी पक्ष से अजय घायल हो गए. उरसाब की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी रेफर किया गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई. चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं.”
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
