खरगोन: केंद्र सरकार द्वारा गौमांस को जीएसटी से कर मुक्त किए जाने के फैसले के विरोध में खरगोन में आज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा।
विहिप और बजरंग दल ने ज्ञापन में सरकार से मांग की है कि गौमांस पर कर मुक्त करने की अधिसूचना को तुरंत रद्द किया जाए और प्रदेश में चल रहे सभी बूचड़खानों को बंद किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों को अनसुना किया गया तो हिंदू समाज व्यापक आंदोलन करेगा।
विहिप-बजरंग दल के जिला मंत्री विवेक सिंह तोमर ने कहा, “एक ओर सरकार खुद को हिंदुओं की सरकार कहती है और दूसरी ओर ऐसे फैसले लेकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है। यदि जल्द स्पष्टीकरण और कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन पूरे देश में किया जाएगा।” प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad