भोपाल: भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उनका स्मरण करते हुए कहा कि डॉ मुखर्जी के बलिदान से भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी। डॉ यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित डॉ मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे महानायक थे जिन्होंने आजादी के पहले ही अंग्रेजों के बंगभंग करने की साजिश को भांपकर आंदोलन चला दिया था। उन्होंने अपने जीवन की आहुति देकर देश की एकता और अखंडता की रक्षा की। ऐसे राष्ट्रनायक का स्मरण करना मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय चरित्र को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने आजादी के बाद कश्मीर समस्या को भांपकर पूरे देश में आंदोलन किया और जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने बलिदान दे दिया।
डॉ. मुखर्जी ने कश्मीर में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान का विरोध किया। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के डॉ मुखर्जी के सकल्प को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साकार किया है। यह डॉ. मुखर्जी को सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि है। उनके बलिदान से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके बताये मार्ग पर चलकर कार्य करना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ मुखर्जी के संकल्प से कश्मीर से धारा-370 हटी। हमारी पार्टी बलिदान के आधार पर बनी पार्टी है। डॉ. मुखर्जी का जीवन हमें संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
