कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को आम आदमी पार्टी पंजाब का प्रधान नियुक्त किया गया है। इसकी घोषणा खुद CM Mann ने की है। इसके साथ ही विधायक शैरी कलसी को कार्यकारी प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपनी नियुक्ति के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री अमन अरोड़ा ने सबसे पहले AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, CM Mann और पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि पार्टी ने 2 सबसे युवा कार्यकर्ताओं को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वह पंजाब सरकार के काम को जनता तक पहुंचाएंगे और लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाकर उनका समाधान कराएंगे। अमन अरोड़ा ने आगे कहा कि, हम पार्टी में सभी को साथ लेकर चलेंगे और एक टीम के रूप में आगे बढ़ेंगे।
अमन अरोड़ा ने कहा कि ऐसा बहुत कम होता है कि किसी पार्टी का प्रधान अपनी मर्जी से अपना पद छोड़ने का फैसला करे। लेकिन कुछ दिन पहले CM Mann ने खुद इसकी घोषणा की थी और अब पार्टी ने हमें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के पास कोई नकारात्मक पृष्ठभूमि नहीं है, जो अन्य पार्टियों के पास है, हमें सिर्फ सरकार के काम को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हम नगर निगम चुनाव और दिल्ली चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
आपको बता दें कि अमन अरोड़ा फिलहाल पंजाब कैबिनेट में भी शामिल हैं। उनके पास रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्रालय है। अमन अरोड़ा सुनाम से 2 बार विधायक हैं। वह 2017 में पहली बार सुनाम से विधायक चुने गए थे। 2022 में उन्होंने 75,277 वोटों के अंतर से जीत हासिल की, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। अमन अरोड़ा आम आदमी पार्टी पंजाब का बड़ा हिंदू चेहरा हैं, जिन पर पार्टी ने बड़ा दांव खेला है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad