खन्ना : खन्ना के निकटवर्ती गांव माजरा रहौण में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान करणवीर सिंह (28) के रूप में हुई है। करणवीर का शव घर के बंद कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला गया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। युवक की 4 माह पहले ही शादी हुई थी और पत्नी शादी के बाद कनाडा चली गई थी।
करणवीर के चाचा रणधीर सिंह ने बताया कि करणवीर अपनी मां के साथ अकेला रहता था। उनके पिता का काफी समय पहले निधन हो गया था। करणवीर की शादी जून 2024 में हुई थी। शादी के बाद पत्नी कनाडा चली गई। करणवीर के पास कनाडा जाने के कागजात भी थे। करणवीर अपनी मां से यह कहकर कमरे में सोने चला गया कि रात में उसकी पत्नी का फोन आता है, इसलिए उसे आराम करना है। कुछ देर बाद मां ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। आसपास के लोगों को बुलाया गया। कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो करणवीर पंखे से लटका हुआ था। उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
इस संबंध में खन्ना के डी.एस.पी. अमृतपाल सिंह भाटी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। करणवीर कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। करणवीर का फोन जब्त कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
