Patna: बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के दौरान राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपने समर्थक छोटू सिंह की गिरफ्तारी को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने अपनी ही पार्टी की सरकार पर अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं उनका नेता था, फिर भी मेरी तरफ से नीरज कुमार को कभी कुछ नहीं कहा गया। उन्होंने याद दिलाया कि उन्होंने चार बार चुनाव में नीरज और ललन सिंह का विरोध किया था, लेकिन तब भी पार्टी ने कोई कार्रवाई या टिप्पणी नहीं की थी।
पटना स्नातक सीट पर दिलचस्प हुई लड़ाई
राज्य में विधान परिषद चुनाव के तहत 8 सीटों पर मतदान प्रक्रिया जारी है। इनमें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सबसे हॉट सीट बन गया है। यहां से जेडीयू ने नीरज सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ जाकर जन सुराज के अनुज सिंह को खुला समर्थन दे दिया है। चुनाव प्रचार में अनंत सिंह का साथ देने वाले जेडीयू से निष्कासित नेता छोटू सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बीच वोटिंग को लेकर अनंत सिंह ने कहा है कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक है।
तेजस्वी यादव का दावा- ‘सत्ता पक्ष का काउंटडाउन शुरू’
इस चुनावी गहमागहमी के बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी हर एक सीट पर जीत दर्ज करने जा रही है और उन्हें हर जगह से सकारात्मक फीडबैक मिल रहा है। सत्ताधारी गठबंधन पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे पैसे, प्रशासन और सरकारी मशीनरी का चाहे जितना इस्तेमाल कर लें, उनकी हार तय है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष अपनी हार देखकर डरा हुआ है और अब उनका काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
मोकामा में मतदान से पहले भिड़े JDU और जनसुराज समर्थक
चुनाव के दौरान मोकामा में मतदान शुरू होने से ठीक पहले दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेडीयू और जनसुराज पार्टी के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जिसने जल्द ही हंगामे का रूप ले लिया। इस बवाल से स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए हंगामा करने वाले चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad