रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मल्टीस्टारर फिल्म ‘रामायण’ महीनों से चर्चा में है। हर दिन गुजरने के साथ ही इसके पहले पार्ट की रिलीज डेट नजदीक आ रही है। ‘रामायण पार्ट 1’ इसी साल दिवाली पर और पार्ट 2 अगले साल यानी 2027 की दिवाली पर रिलीज होनी है। मेकर्स इस फिल्म को बड़े पैमाने पर रिलीज करने जा रहे हैं। जहां ओवरसीज में इसे वॉर्नर ब्रदर्स पिक्चर्स डिस्ट्रीब्यूट करेगा, वहीं घरेलू बाजार यानी भारत में इसके डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस (Dharma Productions) ने खरीद लिए हैं।
30 मिनट का फुटेज देखकर इंप्रेस हुए करण जौहर
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘रामायण‘ के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने फिल्म का 30 मिनट का एडिटेड फुटेज कई स्टूडियोज को दिखाया था। इस 30 मिनट के विजुअल ने ही धर्मा प्रोडक्शंस को इतना इंप्रेस कर दिया कि आगे की बातचीत के लिए रास्ता खुल गया। रिपोर्ट में सोर्स के हवाले से कहा गया है कि डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स के लिए 500 करोड़ रुपये से बातचीत शुरू हुई थी। हालांकि, अंत में 250 करोड़ रुपये में यह डील फाइनल हो गई। धर्मा के फिल्म से जुड़ने से यह उम्मीद की जा रही है कि भारत में यह अब तक की सबसे ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होने वाली फिल्म बन सकती है।
‘रामायण’ की शानदार स्टार कास्ट: रणबीर बने राम, यश बनेंगे रावण
‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जो आमिर खान की ‘दंगल’ और सुशांत सिंह राजपूत की ‘छिछोरे’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। दो पार्ट में बन रही इस भव्य ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, सुपरस्टार यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के दमदार रोल में नजर आने वाले हैं। इनके अलावा, कैकेयी के रोल में लारा दत्ता, सूर्पनखा के किरदार में रकुल प्रीत सिंह, राजा दशरथ के किरदार में अरुण गोविल, रानी कौशल्या के रूप में इंदिरा कृष्णन, मंथरा के रोल में शीबा चड्ढा, भरत के रोल में आदिनाथ कोठारे और भगवान इंद्र के रोल में कुणाल कपूर जैसे बेहतरीन कलाकार दिखाई देंगे।
4000 करोड़ के बजट वाली भारत की सबसे महंगी फिल्म
‘रामायण’ को भारत की सबसे महंगी फिल्म बताया जा रहा है। इसके प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि उनकी इस फिल्म का बजट 4000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। ऐसे में यह देश की अब तक की सबसे महंगी फिल्म होने वाली है। फिल्म को और भी भव्य बनाने के लिए ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान (AR Rahman), हॉलीवुड के मशहूर कंपोजर हंस जिमर (Hans Zimmer) के साथ मिलकर इसका संगीत तैयार कर रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
