Haridwar Mansa Devi Temple: राम मंदिर विवाद के बाद मनसा देवी ट्रस्ट सख्त, पुजारियों के लिए बनाए कड़े नियम

उत्तर प्रदेश

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले सामने आने के बाद हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने अपने पुजारियों को शुचिता बनाए रखने की शपथ दिलाई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष तथा पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने मंदिर के सभी पुजारियों और अन्य कर्मचारियों को शपथ दिलाई। साथ ही यह सख्त चेतावनी भी दी कि यदि कोई भी पुजारी या कर्मचारी चढ़ावे का निजी इस्तेमाल करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे न सिर्फ तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाएगा, बल्कि उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

चढ़ावे की निगरानी के लिए 7 सदस्यीय समिति का गठन

इस पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए महंत रविंद्र पुरी ने सात लोगों की एक विशेष समिति भी बनाई है। इसके साथ ही महंत रविंद्र पुरी ने हाल ही में गठित अखाड़ा परिषद की दूसरी कार्यकारिणी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे स्वयं भी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष चुने गए हैं और उनके पास बहुमत है। इसलिए कुंभ मेला 2027 उन्हीं की अगुवाई में आयोजित होगा।

पुजारियों के लिए कड़े नियम: जेब और थैले पर पूर्ण प्रतिबंध

महंत रविंद्र पुरी महाराज ने बताया कि मनसा देवी मंदिर में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो और मंदिर का दान कोई चुरा न सके, इसके लिए नए और सख्त नियम बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि:

  • अब कोई भी पुजारी अपने कुर्ते या पायजामे में जेब का उपयोग नहीं कर सकेगा।

  • कोई भी पुजारी अब मंदिर परिसर में अपने साथ थैला लेकर नहीं जा सकेगा।

CCTV से होगी 24 घंटे निगरानी, प्रसाद दोबारा बेचने पर रोक

व्यवस्था को और चाक-चौबंद करने के लिए मंदिर परिसर में चारों ओर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सभी गतिविधियां रहेंगी। इन कैमरों का कनेक्शन मंदिर के मुख्य कार्यालय के अलावा श्री निरंजनी पंचायती अखाड़ा के सचिव महंत रविंद्र पुरी के कार्यालय और उनके मोबाइल फोन से भी जुड़ा रहेगा, ताकि 24 घंटे मंदिर की हर गतिविधि पर सीधी नजर रखी जा सके। मंदिर में चढ़ाए गए नारियल, प्रसाद या अन्य सामग्री को दोबारा मंदिर में नहीं चढ़ाया जा सकेगा और न ही उन्हें दुकानदारों को बेचा जा सकेगा। इसके लिए भी सख्त नियम बनाए गए हैं और यह पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगी।

चोरी या गड़बड़ी होने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

नए नियमों के अनुसार, जो भी पुजारी मंदिर में चोरी करते हुए पकड़ा गया या मंदिर की सामग्री, प्रसाद अथवा नारियल बाजार में बेचते हुए पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे तत्काल मंदिर से बर्खास्त कर दिया जाएगा। महंत रविंद्र पुरी महाराज ने स्पष्ट किया कि श्री मनसा देवी मंदिर की पवित्रता, गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry