नई दिल्ली, 25 मई 2026
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट पेपर लीक के बाद अब सीबीएसई मूल्यांकन में गड़बड़ी मिलने पर प्रधानमंत्री से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक अयोग्य और निकम्मे शिक्षा मंत्री की वजह से देश के लाखों बच्चों को ट्रॉमा में नहीं डाला जा सकता। सीबीएसई मूल्यांकन में इतने बड़े स्तर पर हुई गड़बड़ी ने लाखों बच्चों का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। छात्र मुफ्त मैनुअल रिवैल्यूएशन, ओएसएम प्रक्रिया रद्द और रिवैल्यूएशन करने की मांग कर रहे हैं, सरकार उनकी मांग पूरी करे। क्योंकि पोर्टल काम नहीं कर रहा है। अगर लॉग हो गए तो पेमेंट गेटवे काम नहीं कर रहा और स्कैन कॉपी भी धूंधली है।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि अभी सीबीएसई मूल्यांकन में जो इतना बड़ा घोटाला निकला है, उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी जी को धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए। धर्मेंद्र प्रधान जी एक दिन या एक सेकंड के लिए भी इस देश के शिक्षा मंत्री बनने के लायक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले नीट में धांधली हुई और अब सीबीएसई के इवैल्यूएशन प्रोसेस में इतनी बड़ी धांधली निकलकर आई है। पूरे देश में 12वीं के लाखों बच्चे बहुत ज्यादा स्ट्रेस और डिप्रेशन में हैं। उनके मां-बाप भी बुरी तरह से डिप्रेशन में हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बच्चे मांग कर रहे हैं कि जो भी बच्चे रिवैल्यूएशन की मांग करें, उनका मैनुअल रिवैल्यूएशन करवाया जाए। दूसरा, रिवैल्यूएशन की फीस माफ की जाए। तीसरा, ओएसएम का पूरा प्रोसेस खारिज किया जाए और चौथा, रिवैल्यूएशन जल्द से जल्द करवाया जाए ताकि बच्चों के एडमिशन प्रोसेस पर कोई आंच न आए और वे जल्द अपने कॉलेज में एडमिशन ले सकें।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बताया जा रहा है कि पिछले चार-पांच दिन से इनका पोर्टल काम नहीं कर रहा है और बच्चे लॉग इन नहीं कर पा रहे हैं। मेरे एक दोस्त ने मुझे बताया कि उनकी बेटी ने जब 40 बार कोशिश की, तब जाकर लॉग इन हो पाया। इनका पेमेंट गेटवे काम नहीं कर रहा है और इन्होंने जो भी स्कैनिंग की है, वह सारी ब्लर है। ये लोग देश को ऐसे 21वीं सदी का भारत बनाएंगे? इन लोगों को शर्म आनी चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री कम से कम इतना कर ही सकते हैं। हमारे देश के लाखों बच्चों को एक अयोग्य और निकम्मे शिक्षा मंत्री की वजह से ट्रॉमा में नहीं डाला जा सकता। प्रधानमंत्री जी को तुरंत एक मिनट के अंदर धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करना चाहिए।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
