MP Custodial Death: रतलाम और छतरपुर के बाद अब इंदौर में पुलिस कस्टडी में मौत, जहर पीने से आरोपी ने तोड़ा दम; मचा हड़कंप

मध्य प्रदेश

इंदौर : मध्य प्रदेश में पुलिस कस्टडी में मौत के मामले बढ़ते जा रहे हैं. रतलाम और छतरपुर के बाद अब इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत का मामला सामने आया है. यहां रविवार को बाणगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भागीरथपुरा चौकी में एक चोरी के आरोपी को पूछताछ के लिए बिठाया गया था, लेकिन इसी दौरान आरोपी द्वारा कथित तौर पर चौकी के अंदर रखी हुई एक बोतल से पानी समझ कर जहरीला पदार्थ पी लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

चोरी के मामले में चौकी में बिठाया, फिर हो गई मौत

बाणगंगा थाना क्षेत्र में भागीरथपुरा पुलिस चौकी के प्रभारी संजय धुर्वे और सिपाही योगेंद्र कौरव द्वारा आरोपी रामजी को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उसके पास से पुलिस द्वारा एक बाइक भी जब्त की गई थी. जब बाइक भी चोरी की निकली तो आरोपी से पुलिसकर्मी पूछताछ कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक चौकी में पूछताछ के दौरान आरोपी ठीक से जवाब नहीं दे रहा था, इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों से कहा गया कि उसे प्यास लगी है. तभी वह चौकी में प्याऊ के पास गया और वहां रखे एक जहरीले पदार्थ को पानी समझ कर पी लिया.

पुलिस का दावा- आरोपी ने गलती से जहरीला पदार्थ पिया

जहरीला पदार्थ पीते ही आरोपी की हालत बिगड़ गई, और उसे पुलिसकर्मी भागीरथपुरा चौकी से तकरीबन 7 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मामले की जानकारी लगते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया और पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की.

चौकी प्रभारी व सिपाही सस्पेंड

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जैसे ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लगी, तो चौकी प्रभारी एसआई संजय धुर्वे और सिपाही योगेंद्र कोरव को सस्पेंड कर दिया गया. इस मामले को लेकर डीसीपी राजेश व्यास ने कहा, ” मामले में न्यायिक जांच को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी. आरोपी को चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था लेकिन यह पूरा घटनाक्रम कैसे हुआ इसकी भी पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है.

फिलहाल पुलिस कस्टडी में मौत के मामले जिस तरह से मध्य प्रदेश में बढ़ रहे हैं, उससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं. पिछले दिनों छतरपुर और रतलाम में भी कुल तीन लोगों की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी. इन मामलों में भी पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं और मामले की जांच जारी है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry