रायपुर: ऑनलाइन सट्टा गिरोह मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के साथ ही 7 आरोपियों को रायपुर पुलिस ने अरेस्ट किया है. इसी मामले में 20 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
रायपुर पुलिस की मुंबई गोवा में रेड
रायपुर पुलिस ने मुंबई और गोवा में दबिश देकर 7 आरोपियों को दबोचा. गंज पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने ये कार्रवाई की है. मास्टरमाइंड बाबू खेमानी का भाई करण खेमानी अब भी फरार है.
साइबर एंड क्राइम पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि पहले पकड़े गए सटोरियों से पूछताछ में बाबू खेमानी का नाम आया था. बाबू खेमानी सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर का काम करता था. उसी की आड़ में वह ऑनलाइन सट्टे का संचालन भी कर रहा था. बाबू खेमानी अलग-अलग नाम से पिछले दो सालों से ऑनलाइन सट्टा का कारोबार कर रहा था.
मुंबई में छिपा था बाबू खेमानी
पुलिस की 30 से 40 की संख्या में टीम अलग-अलग राज्यों में बाबू खेमानी की तलाश में जुटी हुई थी. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि बाबू खेमानी मुंबई में कहीं छुपा हुआ है. इस आधार पर पुलिस ने दबिश दी और बाबू खेमानी के कब्जे से एक लग्जरी कार समेत अन्य सामान बरामद किया है.
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. आरोपी चार राज्यों में ऑनलाइन सट्टा का कारोबार कर रहे थे. सटोरियों के कब्जे से पुलिस ने मोबाइल, कैलकुलेटर, लैपटॉप और एक बीएमडब्ल्यू कार सहित 60 लाख रुपए का सामान बरामद किया है.
ऑनलाइन सट्टा का मास्टरमाइंड बाबू खेमानी
बाबू खेमानी पिछले दो सालों से अलग-अलग बुक्स के नाम से ऑनलाइन सट्टा का संचालन कर रहा था. अब तक इस पूरे मामले 27 सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने लगभग 60 लाख रुपए का सामान जप्त किया है. सट्टा संचालित करने के मामले में बहुत सारे म्यूल अकाउंट के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिली है. पुलिस उस पर भी जानकारी हासिल कर आगे की कार्रवाई करेगी.
मुम्बई रेड: बाबू खेमानी, रोहित सिंह, विशाल कश्यप को मुम्बई से गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, 1 बीएमडब्ल्यू कार, 4 मोबाइल फोन जप्त किया गया है.
गोवा रेड: बाबू खेमानी का एक ऑनलाइन पैनल गोवा में संचालित था, जहां दबिश देकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कब्जे से 2 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 1 राउटर, 1 केलकुलेटर, सट्टा हिसाब-किताब कापी , 10 एटीएम कार्ड और 1 एक्सटेंशन बोर्ड जप्त किया गया.
बाबू खेमानी से पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि साल 2011 में दुबई, साल 2023 में थाईलैंड/बैंकाक और साल 2025 में 3 बार दुबई गया था. विदेशों के कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. दबावपूर्वक सट्टे की रकम वसूलने की भी जानकारी प्राप्त हुई है. पुलिस ने बताया कि इसके संबंध में अलग से पूछताछ कर आगे की कार्यवाही की जाएगी.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
