लुधियाना: महानगर में एक हैरानीजनक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर 6 साल की जांच के बाद मामला दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने 6 साल की लंबी जांच के बाद लाखों रुपए का यार्न लेकर वापस न कर धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने सिविल लाइन दौलत कालोनी के रहने वाले विनोद गोयल के बयान पर नीम वाला चौक के रहने वाले विकास डाबर के खिलाफ अमानत में खयानत करने व धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में विनोद गोयल ने बताया कि उसने उक्त आरोपी को 65 लाख रुपए का यार्न कपड़ा बनाने के लिए दिया था, लेकिन आरोपी ने न तो उसको कपड़ा बना कर दिया और न ही उसका यार्न वापस किया। आरोपी ने उसका यार्न खुर्द बुर्द कर अमानत में खयानत कर धोखाधड़ी की। इस संबंध में शिकायतकर्त्ता की तरफ से साल 2018 में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई थी। जांच के बाद ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
