बलरामपुरः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला के पूर्व जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता धीरज सिंहदेव के बेटे को मंगलवार की रात वसुंधरा विहार कॉलोनी में कार ने कुचल दिया। बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को बच्चे की मौत हो गई। सीसीटीवी वीडियो से पता चला कि बच्चा सड़क पर बैठकर कुछ निशान बना रहा था, उसी दौरान एक कार चालक ने उसपर कार चढ़़ा दिया, हालांकि कार चालक को एक महिला ने रोकने की भी कोशिश की थी।
जानकारी के मुताबिक, धीरज सिंहदेव अपने छह वर्षीय पुत्र स्वतंत्र सिंहदेव को लेकर बीती रात वसुंधरा विहार में अपनी बहन से मिलने आए थे। रात करीब 10 बजे स्वतंत्र घर के बाहर निकल गया। मौके पर एक महिला एक बच्चे के साथ बैडमिंटन खेल रही थी। स्वतंत्र सिंहदेव उनके पास ही सड़क पर बैठकर खेलते हुए सड़क पर निशान बनाने लगा।
यह घटना मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कार चालक बच्चे को कुचलकर भाग गया। स्वतंत्र सिंहदेव को तत्काल संजीवनी हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अपोलो अस्पताल में स्थानांतरित किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
