इंस्टाग्राम पर बनी गर्लफ्रेंड, उज्जैन में मिलने आई… फिर युवक को ही कर लिया किडनैप; 50 लाख मांगे

मध्य प्रदेश

इंस्टाग्राम पर एक युवती से दोस्ती करना एक युवक को उस समय भारी पड़ गया जब युवती ने मिलने के बहाने युवक को बुलाया और जब गाड़ी में बैठकर दोनों बातचीत करने लगे तो युवती के साथ आए लोगों ने वीडियो बनाकर युवक को पीटना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं युवती के साथ आए लोगों ने युवक को पहले धमकाया फिर अपहरण कर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी. युवक ने जब रुपए नहीं दिए तो उसी की कार में अपहरणकर्ता उसे घूमते रहे. यह तो गनीमत रही की मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक के जीजा और अन्य लोग उसके पास पहुंचे और उसे अपहरणकर्ताओं से मुक्त करवा लिया.

पूरे मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी नितेश भार्गव ने बताया कि राहुल पिता महेश राठौर उम्र 33 साल निवासी तुलाहेड़ा, घटिया जिला उज्जैन की कुछ दिनों पहले जबलपुर में रहने वाली आयुषी उर्फ कृतिका के साथ दोस्ती हुई थी. सामान्य बातचीत के बाद दोनों के बीच बातचीत इतनी आगे बढ़ गई कि जब आयुषी उज्जैन आई तो उसने राहुल को मिलने के लिए गरोठ रोड के ब्रिज पर बुलया.

यहां राहुल अपनी क्रेटा कार क्रमांक एमपी 13 जेड ई 2643 से जब आयुषी से मिलने पहुंचा तो आयुषी कार के पीछे की सीट पर बैठ गई और जब दोनों बातचीत करने लगे तो आयुषी के कुछ साथी उसका वीडियो बनाने लगे. राहुल ने जब वीडियो बनाने पर नाराजगी जताई तो यह लोग गाड़ी में बैठ गए और उसके साथ मारपीट करते हुए धमकाने लगे. राहुल को दुष्कर्म के झूठे आरोप में फसाने की धमकी दी गई और इस आरोप से बचने के लिए 50 लाख रुपए की डिमांड की गई थी. जब राहुल ने इतने रुपए न होने की बात कही तो बात 25 लाख रुपए तक पहुंची फिर 15 लाख रुपए देने पर राहुल को छोड़ने को कहा गया था.

जीजा और दोस्तों को देखकर भागे

बताया जा रहा है कि राहुल राठौर के अपहरण के बाद अपहरणकर्ता उसे लेकर उज्जैन, शाजापुर, मंदसौर, मक्सी आगर और अन्य क्षेत्रों में घूमते रहे. अपहरणकर्ताओं ने 15 लाख रुपए की डिमांड करने के बाद ही राहुल को फोन पे का ही उपयोग गाड़ी में डीजल भरवाने और अन्य सामान खरीदी के दौरान किया था. जिससे ही राहुल के जीजा सतीश राठौर और उसके साथियों को राहुल की लोकेशन मिली और इसके आधार पर ही ग्राम चौसला पहुंचे थे. जहां उन्हें जब राहुल की कार दिखाई दी तो सभी लोगों को देखकर अपहरणकर्ताओं ने कार को तेजी से दौड़ाई. जिससे कार असंतुलित होकर पलटी खा गई. इस घटना के बाद सभी अपहरणकर्ता फरार हो गए. जिन्हें चिमनगंज थाना पुलिस ने तराना के पास से गिरफ्तार कर लिया है.

अकेले में बैठे थे तभी बनाया वीडियो

बताया जाता है कि युवती और उसके साथी राहुल राठौर से बड़ी रकम वसूलना चाहते थे. इसलिए पहले उन्होंने राहुल का युवती के साथ वीडियो बनाया और उसके बाद उसे धमकाते हुए रुपए मांगने लगे. जब उसने रुपए देने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई. फिर अपहरण भी कर लिया. पुलिस इस पूरे मामले में पकड़े गए आरोपियों के पुराने अपराधों की जानकारी जुटा रही है.