अमीर-गरीब… ग्रामीण-शहरी… हर किसी को होगा फायदा, पंजाब सरकार ने लिए 2 बड़े फैसले

पंजाब

 पंजाब सरकार ने ‘स्वास्थ्य क्रांति’ की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के लोगों के लिए बड़ी घोषणा की है। पंजाब सरकार ने इस बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 2 बड़े फैसले लिए हैं। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज विधानसभा में वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश करते हुए घोषणा की है कि सरकार ने स्वास्थ्य बीमा योजना को व्यापक बनाने और पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को कवर करने का निर्णय लिया है। ग्रामीण या शहरी, अमीर या गरीब, हर कोई इस योजना का लाभ उठा सकता है। पंजाब के इतिहास में पहली बार सीएम मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य बीमा योजना को आने वाले वर्ष में पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को कवर करने का फैसला किया है, जिसका हर कोई लाभ उठा सकता है।

वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि दूसरा बड़ा फैसला यह है कि हम पंजाब के सभी परिवारों के लिए बीमा कवर को सालाना 10 लाख रुपये तक बढ़ा रहे हैं। इसमें वे लोग भी शामिल हैं जो केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत आते हैं, उन्हें राज्य सरकार से 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत आने वाले सभी परिवारों को अगले साल ‘हेल्थ कार्ड’ मिलेगा, जिसके माध्यम से वे पंजाब के सरकारी और निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा सकेंगे। सरकार ने इस उद्देश्य के लिए 778 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।