मेरठ: मातम के बीच बजा बारात का बैंड… और छिड़ गया संग्राम, चले लाठी-डंडे

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के कालिंदी गांव में एक बारात को लेकर हुए विवाद का मामला सामने आया है. घटना करीब 15 दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दो पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प देखी जा सकती है. पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है और कानूनी कार्रवाई जारी है.

दरअसल एक परिवार अपने बेटे की बारात लेकर जा रहा था, जहां बारात कालिंदी गांव के एक मोहल्ले में पहुंची. वहां एक घर में हाल ही में किसी की मौत हुई थी, जिससे पूरे परिवार में शोक का माहौल था. ऐसे में वहां मौजूद लोगों ने बारात के दौरान बैंड-बाजे और नाच-गाने का विरोध किया. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और मामला बढ़ते-बढ़ते झड़प में बदल गया.

घटना 15 दिन पुरानी

विवाद इतना बढ़ गया कि बारात रोक दी गई और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हाथापाई होने लगी. यहां तक लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे भी बरसाए. इस दौरान स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस मामले को लेकर एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि यह घटना 15 दिन पुरानी है. बारात एक मोहल्ले से गुजर रही थी, जहां एक घर में शोक का माहौल था. इसी वजह से वहां मौजूद लोगों ने बारात में बज रहे संगीत और नाच-गाने का विरोध किया, जिससे विवाद हो गया.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने आगे बताया कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया था और अब चार्जशीट भी दाखिल कर दी गई है. पुलिस ने इस मामले में शामिल लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट भी फाइल कर दी है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry