बिहार में टीचर की दबंगई! छात्र को छड़ी से पीटा, दादी स्कूल पहुंची तो उन्हें बेल्ट से मारा

बिहार

बिहार के पूर्णियां से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां के एक प्राथमिक विद्यायल में पढ़ाने वाले शिक्षक ने पहले बच्ची को बुरी तरह छड़ी से पीट दिया. फिर जब बच्ची के घरवाले शिक्षक से सवाल करने आए तो शिक्षक ने उन्हें भी बेल्ट से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. जब सारे ग्रामीण मार खाते बच्ची की दादी की चीख-पुकार सुनकर विद्यालय की तरफ दौड़े तो आरोपी शिक्षक मौके से फरार हो गया. महिला ने बताया कि बच्ची अक्सर घर आकर शिक्षक की शिकायत करती है.

मामला पूर्णियां के रूपौली प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मिलिक टोला गोरियर का है. यहां के टीचर नीरज कुमार चौधरी ने न सिर्फ बच्ची की छड़ी से पिटाई की बल्कि पूछे जाने पर बच्ची की दादी को भी बेल्ट से पीटकर अधमरा कर दिया. दादी की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण जब विद्यालय की तरफ दौड़े तो आरोपी शिक्षक फरार हो गया.

घर पर शिक्षक की शिकायत करते हैं बच्चे

उसके बाद ग्रामीणों ने घायल सुरों देवी को इलाज के लिए रेफ़रल अस्पताल रूपौली पहुंचाया. पीड़िता सुरो देवी ने बताया कि आरोपी शिक्षक नीरज कुमार चौधरी के बारे में बच्ची अक्सर घर आकर शिकायत करती है. बच्ची ने ये भी बताया कि शिक्षक गंदी हरकतें करता है और विरोध करने पर पिटाई करता है. बच्ची ने घटना की पूरी बात जब अपनी दादी सुरों देवी को बताई तो पूछताछ करने बच्ची की दादी स्कूल गई थीं. पीड़िता ने बताया कि जब वह स्कूल गईं तो आरोपी शिक्षक प्रिंसिपल के कमरे में बैठकर मोबाइल देख रहा था.

शिक्षक ने महिला की बेल्ट से की पिटाई

बच्ची को पीटने की बात पूछने पर शिक्षक आग बबूला हो गया और स्कूल से बाहर जाने को कहकर चिल्लाने लगा. महिला ने बताया कि स्कूल से बाहर नहीं जाने पर आरोपी शिक्षक ने कमर से बेल्ट खोलकर पीटना शुरू कर दिया, जिसके बाद धक्का देते पीटते-पीटते वह महिला को सड़क पर ले गया और नीचे गिराकर तब तक मारा जब तक महिला बेहोश नहीं हो गई. वहीं ग्रामीणों के जुटने के बाद शिक्षक मौके से फरार हो गया. मारपीट में घायल महिला को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. पीड़िता ने घटना को लेकर थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. इसकी खबर जैसे ही आरोपी शिक्षक को लगी तो उसने भी जाकर शिकायत दर्ज करवा दी.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पूरे मामले में अब दबाब की राजनीति चल रही है. महिला महादलित जाति से आती है. वहीं घटना के संबंध में आरोपी शिक्षक नीरज कुमार चौधरी से जब बात की गई तो शिक्षक ने दबंगता के अंदाज में कहा कि बच्चे आपस में लड़ रहे थे इसलिए उसने छड़ी से मार दिया. वहीं छेड़छाड़ की बात पर आरोपी ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया. फिलहाल पुलिस ने दोनों की शिकायतों को दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry