UP Weather Update: लखनऊ में ठंड ने तोड़ा दस साल का रिकॉर्ड, जाने यूपी के अन्य जिलों का क्या है हाल?

लखनऊ। पश्चिम और पहड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने उत्तर प्रदेश में ठिठुरन और गलन बढ़ा दी है। आलम यह है कि लोग हाड़ कंपाती ठंड में घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
मंगलवार को राजधानी लखनऊ में ठंड ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो दिसंबर में 10 सालों में सबसे कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इस बीच रात और सुबह कई जगह पर घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बूंदाबांदी की वजह से पारा लुढ़का है। इसके अलावा चिल विंड फैक्टर की वजह से भी तापमान गिरा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों और रेगिस्तानी इलाकों से आ रही हवाओं ने भी तापमान पर असर डाला है।
पिछले 72 घंटे से ताजनगरी आगरा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। 72 घंटों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
नगर निगम ने हीटर लगाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं. कोई जरूरतमंद फुटपाथ पर कूड़ा जलाकर ठंड से बचने का जतन कर रहा तो कोई तंदूर की गर्म राख से खुद को बचा रहा है।
गोरखपुर में भी ठंडी हवाओं की वजह से दिन का पारा तीन डिग्री तक लुढ़क गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को इसमें और भी गिरावट देखने को मिल सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक गोरखपुर और इसके आस-पास में न्यूनतम पारा 7 डिग्री तक पहुंच सकता है।
शाहजहांपुर, बरेली और मेरठ के आस-पास के जिलों में भी ठंड का कहर लगातार जारी है। पिछले 15 दिनों से कड़ाके की ठंड के बीच लोगों की आंखे खुल रही है। पहाड़ों में बर्फ़बारी और पछुआ हवाओं की बजह से गलन में लगातार इजाफा जारी है।
पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी से शाहजहांपुर के इलाके में सुबह का तापमान सात डिग्री तक पहुंच रहा है। इसी तरह मेरठ और बरेली में भी ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। यहां भी न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आस-पास बना रहा।