Dev Deepawali 2022: राष्ट्रपति मुर्मू के काशी दौरे की तैयारियां शुरू, क्रूज से राष्ट्रपति निहारेंगी देव दीपावली की अनुपम छटा, तैयारियों में जुटे अफसर

 
Dev Deepawali 2022: राष्ट्रपति मुर्मू के काशी दौरे की तैयारियां शुरू, क्रूज से राष्ट्रपति निहारेंगी देव दीपावली की अनुपम छटा, तैयारियों में जुटे अफसर

वाराणसी। देव दीपावली की अनुपम छटा निहारने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात नवंबर को दो दिवसीय प्रवास पर काशी आ सकती हैं। फिलहाल प्राथमिक सूचना के बाद अब तक राष्ट्रपति के काशी आगमन का प्रोटोकाल नहीं आने पर अफसर संशय में हैं। राष्ट्रपति के संभावित दौरे के लिए बरेका गेस्ट हाउस को तैयार कराया जा रहा है। 

प्रशासनिक तैयारियों के अनुसार विशेष विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पहुंचेंगी।

वहीं पर उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसके बाद वे हेलीक\प्टर से बरेका परिसर पहुंचेंगी। यहां सड़क मार्ग से गेस्ट हाउस जाएंगी और यहां विश्राम करने के बाद शाम को सड़क मार्ग से ही नमो घाट जाएंगी। 


पिछली बार पीएम मोदी ने देखा था देव दीपावली का नजारा


यहां से जलयान से गंगा घाटों की सुंदरता और दीपोत्सव का अवलोकन करेंगी। रात्रि विश्राम करने के बाद दूसरे दिन आठ नवंबर को दिल्ली लौट जाएंगी। ग्रामीण पुलिस की ओर से सात व आठ नवंबर के राष्ट्रपति के दौरे के लिए फ्लीट आदि की तैयारी की जा रही है।

उधर, कमिश्नरेट पुलिस ने भी बरेका सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा को लेकर फोर्स की डिमांड भेज दी है। पिछली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देव दीपावली का नजारा देखा था।

इसके साथ ही बनारस की देव दीपावली वैश्विक मंच पर नए स्वरूप में निखर उठी थी। इस बार भी घाटों को अलग-अलग थीम पर सजाया जाएगा।


देव दीपावली का मुख्य आयोजन राजघाट पर होगा और वीआईपी मूवमेंट के लिए नमो घाट को तैयार किया जा रहा है।

राष्ट्रपति के संभावित आगमन व एससीओ प्रतिनिधि मंडल के आगमन के मद्देनजर तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग यहां से बजड़े, नाव आदि का संचालन कराने की कवायद में जुटा है।

उपनिदेशक पर्यटन प्रीती श्रीवास्तव ने बताया कि देव दीपावली पर काशी के घाट 10 लाख से ज्यादा दीपों से रोशन होंगे। ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। संबंधित विभाग के साथ अधीनस्थों को जिम्मेदारी सौंप दी है।