Monsoon 2023: समूचे देश में मानसून की बहार, करीब 30 राज्यों में बारिश के आसार, उत्तराखंड और हिमाचल में रेड अलर्ट

Monsoon 2023: लंबे समय तक भीषण गर्मी का प्रकोप झेलने के बाद देश के ज्यादतर हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई।
गुरुग्राम और आसपास के अन्य इलाकों में शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश आज सुबह तक जारी रही। आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कल से हो रही भारी बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया।
मौसम विभाग ने मुंबई में आज रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां आज भी भारी से बहुत भारी बारिश की उम्मीद जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के करीब 30 राज्यों में अगले पांच दिन भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना:
मौसम विभाग के मुताबिक आज से लेकर अगले पांच दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में झारखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल शामिल हैं।
शिमला में 15 साल बाद रिकॉर्ड बारिश, बादल फटने जैसा हालात:
देश के सबसे खुबसूरत प्रदेशों में से एक हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक 5 घंटे तक हुई लगातार बारिश से आम लोगों की जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ा है।
बता दें कि शिमला शहर में बारिश ने बीते 15 साल का रिकॉर्ड टूटा। यहां 12 घंटे में एक दिन में 99 MM पानी बरसा।
इससे पहले, साल 2008 में शिमला में 12 घंटों में 123 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी।
इसी तरह कांगड़ा में भी 143 एमएम बारिश हुई। कांगड़ा में जून महीने में एक रात में यह सबसे अधिक बारिश है। वर्ष 2021 में जून माह में कांगड़ा में 107 एमएम बारिश का रिकॉर्ड था।
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की पहली बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। शनिवार को हिमाचल में मॉनसून की एंट्री हुई। करीब 5 घंटे तक झमाझम बारिश से जल-थल एक हो गए। मंडी जिले में बारिश की वजह से 2 लोगों की जान गई है।
शनिवार को 6 राज्यों में हुआ मानसून:
देश में मानसून 7 दिन की देरी से दाखिल हुआ। शनिवार को देश के इन 6 राज्य मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में पहुंच गया।
बता दें कि कई राज्यों में मानसून तय समय पर पहुंचा है। पूरे उत्तराखंड व हिमाचल में भी एक ही दिन में मानसून छा गया।
दोनों राज्यों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया। महाराष्ट्र के रत्नागिरी के पास 12 दिन से अटका मानसून आज नागपुर तक पहुंच गया।
अगले 24 से 48 घंटे में मानसून महाराष्ट्र में मुंबई तक, मप्र, उत्तर प्रदेश व हरियाणा में और आगे बढ़ेगा। मानसून के दिल्ली और मुंबई में एक साथ आने की संभावना है।
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों के भीतर दिल्ली और मुंबई दोनों को एक ही समय में मानसून कवर करेगा। धीमी शुरुआत वाले मानसून ने तेज रफ्तार पकड़ी है।
आम तौर पर मानसून 1 जून तक केरल, 11 जून तक मुंबई और 27 जून तक दिल्ली पहुंचता है।