Monsoon Update: बिहार में झुलसाने वाली गर्मी से हालत खराब, इस तारीख को बिहार पहुंचेगा मानसून

Monsoon Update: बिहार में बीते कुछ दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी का कहर लगातार जारी है। मई महीने के आखिर में पछुआ के बीच पारा के चढ़ने का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह बदस्तूर जारी है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। घर से बाहर तक लोग बेहाल हैं। धूप खत्म हो जाने पर भी देर रात तक धरती से लहर निकलती रहती है।
मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो लगातार बारिश की कमी की वजह से तपिश और बढ़ रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार (10 जून) को पटना समेत 8 जिलों में भीषण हीटवेव और अन्य 8 जिले में हीटवेव चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 24 से 48 घंटे में दिन के अधिकतम तापमान से खास राहत की उम्मीद नहीं है। लोगों से दोपहर में विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।
IMD के अनुसार शनिवार को पटना में भीषण लू चलने की संभावना है। वहीं, भागलपुर, सुपौल, जमुई, कटिहार, नवादा, सीवान, औरंगाबाद और जमुई में भी हीटवेव के हालात बन सकते हैं।
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी भागों में लू का असर बना रहेगा। वहीं, उत्तरी भागों में वर्षा की आंशिक गतिविधियां बने होने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि अगले तीन दिनों के बाद तापमान में आंशिक गिरावट आने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पूर्व बिहार के अररिया, पूर्णिया, किशनगंज में हल्की वर्षा की संभावना है।
11 से 13 जून के बीच उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य, उत्तर पूर्व भागों में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेगी। मानसून की बात करें तो बिहार में मानसून 13 या 14 जून तक पहुंच ही जाता है। पर ये तब होता है जब केरल में मानसून 01 जून तक पहुंच जाए। चुकी केरल में मानसून 8 जून को पहुंचा है, तो उस लिहाज से मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार में पूर्णिया के रास्ते मानसून 18 या 19 जून को प्रवेश कर सकता है।
हालांकि, लोगों को इससे पहले प्री मानसून की बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिल सकती है।