Weather Update: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट जारी

अब तैयार हो जाइए सर्दी का असली रंग-रूप देखने के लिए
 
Weather Update: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट जारी
आखिर कैसा रहेगा मौसम का यह मिजाज?

राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में अब तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही थी लेकिन अब तैयार हो जाइए सर्दी का असली रंग देखने के लिए।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बाद दिल्ली समेत कई राज्यों का मौसम बदलने वाला है। उत्तर भारत में रविवार से शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है।

अगले हफ्ते की शुरुआत से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और बिहार में तापमान में गिरावट आएगी और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। वहीं देश के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में अगले चार दिन यानी 21 दिसंबर तक बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार और तमिलनाडु में कई हिस्सों में 21 दिसंबर तक बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। इसके साथ ही ठंड आने वाले दिनों में और बढ़ने वाली है।

वहीं कोहरे से अगले कुछ और दिनों तक राहत रहेगी। दिसंबर का महीना आधा बीत जाने के बाद भी राजधानी दिल्ली से कोहरा पूरी तरह से गायब रहा। आमतौर पर दिसंबर के दूसरे हफ्ते से कोहरे की शुरुआत हो जाती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले हफ्ते भी घने कोहरे की कोई संभावना नहीं है। कोहरा भी ठंड के बढ़ने की एक वजह होता है।

मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस न के बराबर आया जिसकी वजह से ऐसा देखने को मिला। अगले कुछ और दिनों तक कोहरे से राहत रहेगी लेकिन दिसंबर के आखिरी हफ्ते में घने कोहरे की एंट्री होगी।

यूपी-बिहार का कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में यूपी के कई जिलों में पारा तेजी से नीचे जाएगा। फिलहाल ग्रामीण इलाकों में कोहरे का असर दिख रहा है। शुक्रवार इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।

यूपी के कई जिलों में शुक्रवार रात न्यूनतम पारा 7 डिग्री के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में अभी और कमी आएगी लेकिन दिन का तापमान में तेज गिरावट नहीं आएगी।

बिहार में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। राज्य में चल रही पछुआ हवाओं की वजह से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार दिन के वक्त आसमान साफ रहेगा लेकिन शाम होते ही तापमान में तेज गिरावट आएगी। इस वक्त बिहार के गया जिला में सबसे अधिक ठंड है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से ठंड और भी ज्यादा बढ़ जाएगी। हालांकि राज्य में अभी पिछले साल दिसंबर की तुलना ठंड इस बार कम है।

राजस्थान में सर्दी ने अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है। फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार न्यूनतम तापमान फतेहपुर में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्जी किया गया। इसी प्रकार चुरू, सीकर, करौली, अलवर, संगरिया, पिलानी ,गंगानगर, भीलवाड़ा में भी पारा तेजी से नीचे आया है।

राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री व 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्तमान में चुरू और सीकर जिलों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किए जा रहे हैं। आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में और एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।

मध्यप्रदेश के जिलों में रात का तापमान सामान्य से कम हो गया है। इस वजह से रात के वक्त कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। राजधानी भोपाल समेत कई दूसरे जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड के मामले में हरियाणा में 15 दिसंबर तक मौसम सामान्य रहा लेकिन दूसरे पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है।

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में रात का तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान में भी पिछले एक सप्ताह से कमी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में सबसे कम तापमान हिसार का रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा।